मथुरा में वसंत पंचमी से रंगों का उत्सव शुरू, ठाकुर बांकेबिहारी को लगाया गया गुलाल… 40 दिनों तक चलेगा फाग महोत्सव
.
Contents
मथुरा में वसंत पंचमी से रंगों का उत्सव शुरू, ठाकुर बांकेबिहारी को लगाया गया गुलाल… 40 दिनों तक चलेगा फाग महोत्सववसंत पंचमी से ब्रज में 40 दिवसीय होली के आयोजन शुरू हो गए। ठाकुरजी ने वसंती वस्त्र धारण कर दर्शन दिए। श्रीकृष्ण जन्मस्थान, द्वारकाधीश मंदिर में दर्शन को श्रद्धालु उमड़ते रहे। मंदिर और चौराहों पर होली का डांढ़ा गाड़ा गया। वसंत पंचमी का उल्लास हर ओर छाया रहा।
श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर श्रीकेशवदेवजी महाराज ने दिव्य वसंती वस्त्र धारणकर भक्ताें को दर्शन दिए। मंदिर के गर्भ गृह व जगमोहन को वसंती भवन के स्वरूप में सजाया गया। वसंती वस्त्र, पुष्प, प्रकाश के संयोजन से बनाए वसंती भवन में विराजमान ठाकुर श्रीकेशवदेवजी के मंदिर की छठा अद्भुत थी। ठाकुरजी के मनोहारी दर्शन से श्रद्धालु अभिभूत थे।
देश-विदेश से आए श्रद्धालु आनंदित थे। श्रद्धालुओं को पीले बेर, केसरिया चावल, रेबड़ी प्रसाद का वितरण किया गया। ठाकुरजी को वसंती गुलाल धारण कराया गया। श्रीकृष्ण जन्मस्थान की होली का शुभारंभ हो गया। मंदिर ठाकुर द्वारकाधीश में ठाकुरजी के समक्ष अबीर गुलाल धराया गया। मंदिर मुखिया सुधीर कुमार द्वारा प्रसादी दी गई। ठाकुर को गर्म वस्तुओं का भोग धरना बंद हो जाता है और कर्म पोशाक भी उतरना शुरू हो जाते हैं।